मुरैना: कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष बड़ोखर में भुजरिया मेला आयोजित नहीं होगा. इसके अलावा जिले में भी कहीं कोई हाट बाजार या मेला नहीं लगेंगे. रहा भुजरियों का सवाल तो नगर निगम का वाहन गली-गली से भुजरिया एकत्रित करके तालाब में विसर्जित की जायेंगी.
मोहर्रम सादगी के साथ शासन की गाइडलाइन के अनुसार जुलूस न निकालें
कलेक्टर दास ने कहा कि मोहर्रम के जो भी गाइडलाइन हैं उसी के तहत मनायें. रही बात जलूस या पंडाल लगाने की आज ही शासन से मार्गदर्शन लिया जायेगा, मार्गदर्शन मिलने पर ही आगे निर्णय में जो भी सुधारात्मक होंगे वो लिये जायेंगे.
सोमवार से कपड़ा मार्केट, हार्डवेयर, रिपेयरिंग, निर्माण कार्य की दुकानें खुलेंगी
कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि शहर की आवश्यकता को देखते हुये और हर व्यक्ति त्यौहार के समय नये कपड़े पहनता है, इसके लिये सोमवार से कपड़ा मार्केट खोलने पर विचार किया गया है, किंतु कोरोना से बचने के लिये नियमों का पालन दुकानदार एवं ग्राहक को करना होगा.
उन्होंने कहा कि शहर में 20-22 दिन से लगे लाॅकडाउन से अन्य गतिविधियां भी रूक गई हैं. इसे ध्यान में रखते हुये हार्डवेयर, रिपेयरिंग, निर्माण कार्य, सीमेंट, लोहा की दुकानें सोमवार से खोली जायेंगी.
मिठाई की दुकान 1 अगस्त से खुलेंगी किंतु नाश्ते की अनुमति नहीं
कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि ईद एवं रक्षाबंधन पर हर परिवार मिठाई खरीदता है तो इसके लिये हलवाई कोरोना टेस्ट कराने के बाद 1 अगस्त से दुकान खोल सकेंगे किंतु दुकान पर नाश्ते की सामग्री विक्रय नहीं होनी चाहिये.
हाट-बाजार नहीं खुलेंगे
कलेक्टर ने कहा कि कोरोना की स्थिति को देखते हुये कुछ समय पाॅजिटिव व्यक्तियों का आंकड़ा 100 से ऊपर आया था. इस प्रकार की भयावय स्थिति मुरैना के लिये ठीक नहीं थी इसलिये लाॅकडाउन करना पड़ा किंतु लाॅकडाउन करना कोई कोरोना का हल नहीं है और न ही वैक्सीन है.
कोरोना के संक्रमण को लाॅकडाउन करके कम किया जा सकता है, इसलिये लाॅकडाउन लगाया था किंतु बाजार धीरे-धीरे खोले जायेंगे एक साथ नहीं जिसमें हाट बाजार लगने का प्रश्न ही नहीं.
अगर गोबर की गणेश प्रतिमा बने तो वह भी बेहतर
जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि गणेश उत्सव के समय मूर्तिकार छोटी मूर्ति बनायें, जिससे उन मूर्तियों को तुलसी के गमले में विर्सजन किया जा सके. जिस घर में तुलसी का पौधा नहीं होगा उनको जिला प्रशासन तुलसी का पौधा भी भेंट करायेगा.
शांति समिति की बैठक में गोबर के मूर्तिकार दिलीप गोयल ने समिति के पदाधिकारियों से गणेश उत्सव के समय गाय के गोबर की बनी हुई गणेश प्रतिमा का घरों में पूजन एवं तुलसी में विसर्जन करने की बात कही. जिसे सभी शांति समिति के पदाधिकारियों ने सराहा.

