हजारीबाग : जिला 20 सूत्री की बैठक सूचना भवन में आयोजित की गई जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी शामिल हुए.
बैठक को संबोधित करते हुए रामचन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि अच्छे काम का सदा अच्छा प्रतिफल मिलता है. अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों समन्वय के साथ जनता की भलाई के लिए काम करें, ताकि सरकार के प्रति जनता का विश्वास बढ़े. उन्होंने दारू प्रखण्ड को आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत शतप्रतिशत गोल्डेन कार्ड के आच्छादन हेतु जिला अनाबद्ध निधि से 25 लाख रूपये का चेक बीडीओ दारू को प्रदान किया. साथ ही बीडीओ रामरतन कुमार वर्णवाल को उनके इस विशेष प्रयास के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित समय सीमा का पालन होना चाहिए साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोगों को सरकार की चल रही फ्लैगशीप योजनाओं से जोड़ें ताकि उनका लाभ उठाकर लोग स्वावलंबन कर रास्ता पकड़ें. किसी भी बिचैलियों-दलालों के चंगुल में योजनाओं के लाभुकों को नहीं आने दें. उन्होंने डाडी प्रखण्ड में होनहेमोढ़ा एवं रबोध के एचएससीएल द्वारा निर्मित पथ की गुणवत्ता की कमी को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के संबंधित पदाधिकारियों सहित एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया.
उन्होंने राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल लंबी खिंचे जाने की स्थिति में पंचायतों से जाति/आवासीय प्रमाण पत्रों की निर्गम की व्यवस्था करने को कहा. वहीं विष्णुगढ़ प्रखण्ड में विद्युत वितरण में लकड़ी के पोल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने अविलम्ब एक सप्ताह के अंदर कंक्रीट पोल लगाने का आदेश दिया. वाइल्ड लाईफ जोन में पड़ रहे रतनपुर से डाडीघाघर के पीएमजीएसवाई के पथ के संबंध में 15 दिनों के अंदर वन प्रमण्डल पदाधिकारी मामला निष्पादित करने का निदेश दिया गया.
मौके पर उपायुक्त हजारीबाग डाॅ. भुवनेश प्रताप सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी जिला परिषद सदस्यों से आग्रह किया कि वर्तमान में चल रहे पोषण माह अभियान के दौरान वे एक दो आंगनबाड़ी केन्द्र को गोद लें. साथ ही अपने क्षेत्रान्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें, ताकि उनके क्षेत्र में कुपोषण से मुक्ति संभव हो सके. उन्होंने लोगों से अपील कि जनप्रतिनिधिगण अधिक से अधिक किसान भाईयों को किसान मानधन योजना के बारे में जागरूक करें. इस योजना की शुरूआत प्रधानमंत्री के द्वारा आगामी 12 सितम्बर, 2019 को रांची में किया जाना है. इसी प्रकार जल संरक्षण हेतु चल रहे जल शक्ति अभियान, आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाये जा रहे गोल्डेन कार्ड, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के संबंध में लोगों को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके.
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन समीक्षा की कई और इसमें आवश्यक गति लाने के निदेश दिये गये. इस मौके पर उप विकास आयुक्त विजया जाधव ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की खाका प्रस्तुत किया.
बैठक में उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह, सदर विधायक मनीष जयसवाल, विकास आयुक्त, उप विकास आयुक्त विजया जाधव, सदर एसडीओ मेघा भारद्वाज, नगर आयुक्त कमलेश कुमार सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी , सांसद प्रतिनिधि, जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष महावीर साहू, सदर नगर आयुक्त कमलेश्वर प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता दिलीप तिर्की, प्रदीप तिग्गा (भू0ह0), निदेशक डीआरडीए उमा महतो, जिला योजना पदाधिकारी शाहीद अख्तर, सिविल सर्जन डाॅ. कृष्णकुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी लुदी कुमारी, कई जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित जिला योजना समिति सदस्यगण, सभी बीडीओ/सीओ, सीडीपीओ सहित कई मौजूद थे.

