रांचीः झारखण्ड विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही झारखण्ड में नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां की जा रही हैं.
शुक्रवार को रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता, उप विकास आयुक्त अनन्नय मित्तल एवं अनुमंडल पदाधिकारी, सदर लोकेश मिश्रा के साथ मोरहाबादी मैदान का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया.
29दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में विधायक दल के नेता के रूप में हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
इस दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था सहित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने मंच पर चढ़ने-उतरने की व्यवस्था तथा एंट्री-एग्जिट प्वाइंट का भी जायजा किया.
शपथ ग्रहण समारोह स्थल के आस-पास उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात करने का निदेश दिया.
साथ ही उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ बैठक कर यह स्पष्ट कर दें कि बिना मान्य पास या अनुमति के किसी भी व्यक्ति का प्रवेश मैदान क्षेत्र में वर्जित रहेगा.

