दिल्ली: कांग्रेस में जारी अंतर्कलह अभी खत्म नहीं हुई है. कांग्रेस कार्यसमिति की सोमवार को हुई बैठक में पार्टी के 23 नेताओं द्वारा नेतृत्व में बदलाव की मांग को लेकर लिखा गया पत्र छाया रहा.
सोनिया गांधी को फिर से पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुने जाने के बाद चिट्ठी लिखने वाले नेताओं ने आगे की रणनीति को लेकर बैठक की थी. मंगलवार को सिब्बल ने ऐसा ट्वीट किया है जिससे कि अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं. वहीं पार्टी से निलंबित नेता संजय झा ने इसे अंत की शुरुआत बताया है.
कपिल सिब्बल ने कहा, ‘यह एक पद के बारे में नहीं है. यह मेरे देश के बारे में हैं जो सबसे ज्यादा मायने रखता है.’ दूसरी तरफ, पार्टी से निलंबित नेता संजय झा ने ट्वीट कर लिखा, ‘यह तो अंत की शुरुआत है.’
इससे पहले राहुल गांधी की भाजपा के साथ मिलीभगत वाली कथित टिप्पणी को लेकर सिब्बल ने विरोध जताते हुए ट्वीट किया था. हालांकि राहुल से बात होने पर उन्होंने उस ट्वीट को वापस ले लिया था.

