नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 वैक्सीन की कोई कमी नहीं है.
केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को उचित मात्रा में टीके दिए जा रहे हैं, अब राज्य सरकारों का काम है कि वह कोविड-19 केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से टीकाकरण के लिए वैक्सीन की खुराक प्रदान करें.
इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेमडेसिविर की कमी इसलिए हुई क्योंकि इसका उत्पादन कम हो गया था क्योंकि पहले कोरोना के मामलों में कमी आई थी.
गौरतलब है कि कई राज्यों ने दावा किया है कि उनके यहां पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन नहीं है जिसके चलते कई केंद्रों पर टीकाकरण रोक दिया गया.
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस की बेकाबू रफ्तार ने कहर बरपा रखा है. कोविड संक्रमण के दैनिक मामलों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. लिहाजा मरीजों का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ता जा रहा है. हर रोज कोरोना नए रिकॉर्ड बना रहा है.
पिछले 24 घंटे में देश में इस महामारी ने पुराने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. पहली बार देश में रिकॉर्ड 1 लाख 84 हजार से अधिक मरीज कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं.
इसी के साथ भारत में कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1,38,73,825 पहुंच गया है. वहीं देश में कोरोना से हो रही मौतों की संख्या में तेज वृद्धि जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 1,84,372 नए मामले सामने आए हैं.

