एस के सिंह,
पटना: ढाका व चिरैया विधानसभा में आगामी 7 नवम्बर को होनेवाले चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी. दोनों विधानसभा का नामांकन अनुमंडल कार्यालय ढाका में होगा. ढाका विधानसभा का नामांकन अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में तथा चिरैया विधानसभा का नामांकन भूमि सुधार उप समाहर्ता के कार्यालय कक्ष में होगा. नामांकन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. प्रखंड कार्यालय परिसर से अनुमंडल कार्यालय परिसर तक सड़क के दोनों ओर बांस बल्ला से बैरेकेटिंग किया गया है.
अनुमंडल कार्यालय के बरामदे पर कालीन बिछाया गया है. ढाका निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ ज्ञान प्रकाश ने बताया कि नामांकन के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय या राज्यस्तरीय राजनीतिक दल के प्रत्याशी के साथ दो तथा निर्दलीय प्रत्याशी के साथ दस प्रस्तावक अनुमंडल कार्यालय में आयेंगे. सभी जगहों पर दंडाधिकारी, अर्द्धसैनिक बल व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. नामांकन के समय मेडिकल स्टाफ रहेंगे. गेट पर हैण्ड सेनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी. विडियोग्राफी करायी जायेगी.
उन्होंने बताया कि विधि व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारी व पुलिस बल के अलावे अर्द्ध सैनिक बल भी मौजूद रहेंगे. प्रत्याशियों के साथ नामांकन में आनेवाले वाहनों की पार्किंग पुराना पेट्रोल पंप के पास होगी. इधर, ढाका व चिरैया विधानसभा से नामांकन के लिए एक एक प्रत्याशी ने सोमवार को नाजीर रसीद कटाया.
नामांकन में विधि व्यवस्था को लेकर मुख्य सड़क से प्रखंड परिसर में प्रवेश वाले मुख्य द्वार पर दंडाधिकारी के रूप में ढाका मनरेगा पीटीए देवेश कुमार प्रधान, अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार पर ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक प्रिंस राज व निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष के बाहर मनरेगा पीओ मनीष कुमार की प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी के रूप में की गयी है.

