-
चाईबासा में मकान ढ़हने से एक की मौत, चतरा में 8 चरवाहे लीलाजन नदी में फंसे
रांची: झारखंड की राजधानी रांची एवं आसपास के इलाकों के अलावा विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे से रूक-रूककर लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुई है.
बारिश के दौरान चाईबासा में मकान ढहने से एक बच्चे की मौत हो गयी, जबकि चतरा जिले में 8 चरवाहे दो दर्जन मवेशियों के साथ लीलाजन नदी में घंटों फंसे रहे, जबकि एक व्यक्ति के डूब जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
पश्चिमी सिंहभूम जिले में पिछले सात दिनों से रूक-रूककर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं बुधवार रात एक मकान के ढहने की वजह से उसमें दबकर एक बच्चे की मौत भी हो गई है. यह घटना सदर प्रखंड के कांकुसी गांव की है. इधर सभी नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है जिससे निचले इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं.
इधर, चतरा में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण हंटरगंज प्रखंड से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक लीलाजन नदी उफान पर है. नदी में बुधवार अपराह्न आए अचानक बाढ़ में घर से मवेशी चराने निकले बेला व सोखा गांव के 8 चरवाहे दो दर्जन मवेशियों के साथ नदी के बीच तेज धार में फंस गए.
जिसे निकालने के लिए दिन भर स्थानीय ग्रामीण मशक्कत करते रहते रहे. परन्तु थक हारकर हंन्टरगंज प्रखंड प्रशासन ने इटखोरी से स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया. जिसके बाद टीम में शामिल 20 तैराको की प्रशिक्षित टीम नदी में फंसे चरवाहों की रेस्क्यू में जुटी.
करीब पांच घंटों के कड़े मशक्कत के बाद गोताखोरों की टीम के द्वारा नदी में फंसे सभी चरवाहों को गुरुवार शाम को बाहर निकाला गया. इधर नदी में आये बाढ़ में कोबना गांव निवासी मनोज कुमार नामक व्यक्ति के नदी में डूब जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
इस दौरान मौके पर एलआरडीसी गोरांग महतो, बीडीओ मनोज कुमार, सीओ मिथलेश कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ वेदप्रकाश, थाना प्रभारी हंसे उरांव, पुलिस निरीक्षक बीपी मण्डल सहित दर्जनों अधिकारी ग्रामीणों के साथ कड़ी मशक्कत करते रहे.
नदी की धार से रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए गिरीश पासवान ने बताया कि वह हंन्टरगंज की ओर जा रहा था. साथ में मनोज पासवान और विदेशी नाम के दो ग्रामीण थे.
मनोज जब डूबने लगा तब विदेशी उसे निकालने के लिए पानी मे कूदा. परंतु मनोज बह गया उसका पता नही चला और विदेशी तैरकर निकल गया. दोनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं. इधर जहां गोताखोरों ने आठ लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया है वहीं मनोज की तलाश जारी है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में 28 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. रांची समेत कई जिलों में आज बारिश हो सकती है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
झारखंड की राजधानी रांची सहित प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार सुबह से ही बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक-दो दिनों में लो प्रेशर बन सकता है. इससे झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है.
लोहरदगा और गढ़वा में बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है. लोहरदगा एवं गढ़वा जिले के कुछ भागों में हल्के दर्जे का मेघ गर्जन, वज्रपात एवं बारिश की संभावना है.
गुमला, खूंटी एवं रांची जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे का मेघ गर्जन, वज्रपात एवं बारिश की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सलाह दी है कि आप सतर्क रहें सावधान रहें, पेड़ के नीचे शरण नहीं ले, सुरक्षित जगह पर रहें, बिजली के खंभों में दूर रहें और खेतों में न जायें मौसम सामान्य होने का इंतजार करें, आपकी सतर्कता ही बचाव है.

