चतरा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम चरण के तहत होने वाले चतरा विधान सभा क्षेत्र के चुनाव को लेकर आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन किसी भी प्रत्याशी द्वारा अपना नामांकन वापस नहीं लिया गया.
दरअसल कुल दस उम्मीदवारों ने अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया था. वहीं नामांकन पत्रों की जांच में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा( सेकुलर) के मनोज भुइंया का नामांकन रद्द कर दिया गया था. इस प्रकार अब चतरा विधान सभा के इस चुनावी मैदान में कुल नौ उम्मीदवार आपस में अपने भाग्य की आजमाईश करेंगे.
इनमें भाजपा के जनार्दन पासवान, राजद से सत्यानंद भोक्ता, झाविमो से तिलेश्वर राम, बसपा के गौतम रविदास, जदयू से केदार भुईयां, कम्यूनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (मार्क्सवादी) से नरेश राम भारती, नागरिक अधिकार पार्टी से कौलेश्वर कुमार भोक्ता, राष्ट्रीय जनसंभावाना पार्टी के संदीप कुमार व कृष्णा रविदास का नाम शामिल है.
चतरा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त जितेन्द्र कुमार सिंह ने समाहरणालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से उक्त जानकारी देते हुए बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया खत्म होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं.

