खास बातें:-
-
सोरेन परिवार है परिवारवाद का जीता जागता नमूना.
-
भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां हर कार्यक्रम में भारत माता की जय बोली जाती है.
-
करते है 130 करोड़ देशवासियों को नमन.
-
यही है हमारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प.
रांचीः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं, यहां एक छोटा कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी योग्यता के अनुरूप पहुंच सकता है. वे गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे. मिलन समारोह में जेएमएम नेता डॉ शशिभूषण मेहता और आजसू नेता रामाश्रय यादव ने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा. गिलुआ ने कहा कि भाजपा के अलावा और जितनी भी पार्टियां हैं वहां सिर्फ एक परिवार का ही राज चलता है, हमने विगत कुछ वर्षों में देखा है कि कैसे कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष सिर्फ एक परिवार का ही व्यक्ति बन पाया है और पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से राहुल गांधी ने गैर गांधी परिवार का राष्ट्रीय अध्यक्ष खोजने की बात कह कर फिर से सोनिया गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया. यह तमाशा देश की जनता अपनी आंखों से देख चुकी है.
जेएमएम पर निशाना, सभी सोरेन परिवार के ही
जेएमएम पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी हित की बात करने वाली जेएमएम के अध्यक्ष समेत कार्यकारी अध्यक्ष, युवा मोर्चा अध्यक्ष, महिला मोर्चा अध्यक्ष सभी सोरेन परिवार से आते हैं जो परिवारवाद का जीता जागता नमूना है. भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके हर कार्यक्रम में भारत माता की जय बोली जाती है और इस जयकार के द्वारा हम अपने 130 करोड़ देशवासियों को नमन करते हैं. इसीलिए भाजपा आज सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी एवं सबकी खास बन चुकी है. हमारा सौभाग्य है कि हम आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुके हैं, हर दिन भारी संख्या में लोग हमसे जुड़ते जा रहे हैं और इसकी सबसे बड़ी वजह हमारी लोकतांत्रिक विचारधारा है, जो हमें लोगों के दिलों से जोड़ती है.
पूरे प्रदेश से लोग भाजपा में हो रहे शामिलः साहू
प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जैसे मेला में शामिल होने के लिए पूरे गांव से लोग आते हैं ठीक वैसे ही भाजपा में शामिल होने के लिए लगातार पूरे प्रदेश से भारी संख्या में लोग आ रहे हैं और इसका मुख्य कारण सरकार की लोककल्याणकारी योजनाएं एवं उन योजनाओं का पूरा पैसा डीबीटी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. भाजपा आज हर वर्ग-समाज के लिये कल्याणकारी योजनाएं बना रही है. चाहे वो किसान, मजदूर हों या छोटे व्यापारी और यही है हमारा सबका साथ सबका विकास का संकल्प.
साहू ने पलामू प्रमंडल से आए सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ हम सभी का भी फर्ज है कि हम राज्य के प्रति अपने दायित्वों को समझें और अगर यहां आये सभी व्यक्तियों ने इस ओर एक सकारात्मक प्रयास किया तो एक साथ हज़ारों प्रयास होंगे और पलामू प्रमंडल हजार कदम आगे बढ़ेगा.
गर्व महसूस कर रहा हूं : मेहता
भाजपा की सदस्यता लेनेवाले जेएमएम के नेता डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा कि भाजपा की सदस्यता लेकर गर्व महसूस कर रहा हूं. जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी एवं झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हर समाज के उत्थान के लिए कई योजनाएं बनाई उससे प्रभावित होकर आज मैं भी इस गौरव यात्रा का हिस्सा बनने आया हूं. उन्होंने भाजपा पार्टी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे भाजपा को पलामू प्रमंडल में और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे. आजसू के पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने कहा कि इस डबल इंजन की सरकार ने न सिर्फ कई लोककल्याणकारी योजनाएं बनाई बल्कि उन्हें धरातल पर भी उतार कर दिखाया और आज मैं इस मंच से कहने आया हूं कि भाजपा मेरी दूसरी और आखिरी पार्टी होगी.
ये रहे मौजूद-
मिलन समारोह का संचालन ज्योतिरीश्वर सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र पांडेय ने किया, जबकि ऑनलाइन सदस्यता संचालन शिवपूजन पाठक ने किया. मौके पर संजय चंद्रवंशी, बच्चन ठाकुर, प्रसिद्ध सिंह, बगेन्द्र भुइयां, वीरेंद्र वर्मा, मुकेश चौबे, अंकित गुप्ता, आफताब शेख, विनोद यादव, अली मोहम्मद, राजदेव उरांव, प्रकाश मेहता, मनोज सिन्हा, सुनील गुप्ता, रंजय ठाकुर, मौलाना नुद्दीन, अलीहसन, मो. मुमताज, दानिश रज़ा, अकमल हुसैन, साजिद हुसैन, विद्याधर दूबे, अरविंद सिंह सहित काफी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.

