मुंबई: देश में कोरोना वायरस बेलगाम होता जा रहा है. देश का महाराष्ट्र राज्य कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित है. लेकिन महाराष्ट्र के मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या इतनी हो गई है कि, सभी अस्पतालों में बेड फुल हो चुके हैं.
जानकारी के अनुसार, मुंबई में अब फाइव स्टार होटलों को कोरोना मरीजों के इलाज के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (BMC) ने दो फाइल स्टार होटलों को निजी अस्पतालों द्वारा इस्तेमाल किए जाने की इजाजत दे दी है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों होटलों में 42 बेड उपलब्ध रहेंगे. कई और होटलों में भी जल्द ही बेड तैयार किए जाएंगे. अस्पताल बने होटलों में उन मरीजों का इलाज किया जाएगा जिनकी हालत गंभीर नहीं हैं.
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और होटलों को भी इस लिस्ट में जोड़ा जाएगा. बीएमसी (BMC) की ओर से जारी एक सर्कुलर में कहा गया है कि अस्पताल मरीजों से एक दिन का अधिकतम 4 हजार रुपये किराया ले सकते हैं.
इसमें बेड, खाने और पीने का चार्ज शामिल होगा. इसके अलावा मरीज के इलाज का खर्च अलग से देना होगा. यह भी कहा गया है कि अगर एक ही परिवार के दो लोग भर्ती हैं तो वो शेयर भी कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें 6 हजार रुपये देने होंगे.

