रांची: राज्य के पारा शिक्षक अब आर या पार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं.राजधानी रांची में पारा शिक्षकों ने फिर अपनी मांगों को लेकर राजभवन का घेराव किया. हजारों की संख्या में आए पारा शिक्षकों ने बिहार और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने और स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य के पारा शिक्षक मोराबादी मैदान में एकत्रित हुए. मिली जानकारी के मुताबिक पूरे राज्य से पारा शिक्षक अपनी मांगों को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान पहुंचे थे.
17 जनवरी 2019 को एक समझौता हुआ था कि, 90 दिनों के अंदर नियमावली बनाकर पारा शिक्षकों का वेतनमान और स्थायीकरण कर दिया जाएगा. लेकिन 6 महीने बीतने के बाद भी अभी तक सरकार की तरफ से कोई पहल नहीं की गई. उच्चस्तरीय कमेटी बनाकर निर्णय लेना था लेकिन अभी तक निर्णय नहीं लिया गया. इसलिए पूरे झारखंड से पारा शिक्षक रांची के मोराबादी मैदान में आए हुए हैं. अगर हमारी मांगे पूरी होती है तो हम सरकार की जय जयकार करके जाएंगे और अगर हमारी मांगे पूरी नहीं होती है तो हम आमरण अनशन पर बैठेंगे.
बता दें कि झारखंड के पड़ोसी राज्य के अलावा कई अन्य राज्यों में लागू नियमावली मांग कर अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की गई है. कयास लगाया जा रहा है कि पारा शिक्षकों को बिहार की तर्ज पर नियोजित करते हुए उनका मानदेय बढ़ाया जा सकता है .पारा शिक्षक लगातार सेवा शर्त नियमावली वेतनमान को लेकर आंदोलन कर रहे हैं .

