खास बातें,
प्लाज्मा दान करने वाले कोरोना वारियर्स की हौसला अफजाई
उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बढ़ाया हौसला
चुनौती अवसर बन गई है – उपायुक्त
रांची: कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए आगे आकर प्लाज्मा दान करने वाले पुलिसकर्मियों का उपायुक्त, रांची और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने हौसला अफजाई किया.
पुलिस लाइन स्थित स्वर्गीय यूसी झा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त छवि रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम एवं पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके और अब अपना प्लाज्मा दान करने वाले कोरोना वारियर्स की हौसला अफजाई की एवं प्लाज्मा दान से संबंधित उनकी शंकाओं को दूर किया.
चुनौती अवसर बन गई है – उपायुक्त
कोरोना वारियर्स को संबोधित करते हुए उपायुक्त, छवि रंजन ने कहा कि जब भी किसी पुलिसकर्मी को कॉल किया जाता है तो “सेवा ही लक्ष्य हमारा” रिंगटोन बजता है.
रक्तदान और प्लाज्मा देना भी सेवा है और इसमें सभी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका है. छवि रंजन ने कहा कि शुरुआत में जब हमारे जवान पॉजिटिव हो रहे थे तो यह हमारे लिए चुनौती थी लेकिन अब जवानों के रिकवर होने के बाद चुनौती अवसर में बदल गई है.
आज हमारे जवान कोरोना वारियर्स बनकर रिकवर हो रहे हैं और कोरोना से लड़ाई में जिनको प्लाज्मा की जरूरत होगी उनके लिए वो जीवनदान साबित होंगे
हर जवान के लिए ताली बजाने का मौका मिले – डीसी
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति के लिए O+ve प्लाज्मा की जरूरत का जिक्र करते हुए उपायुक्त रांची ने कहा कि आप के बीच में से ही एक जवान ने आवश्यकता पड़ने पर अपना प्लाज्मा दान किया.
मैं चाहता हूं कि मुझे हर जवान के लिए ताली बजाने का मौका मिले. आपने कोरोना को मात देकर कोरोना वारियर्स का दर्जा हासिल किया है, आप प्लाज्मा डोनेट करें और किसी की जिंदगी बचाएं. रांची डीसी ने कहा कि “रक्तदान महादान है और प्लाज्मा दान जीवन दान”
जीवन दाता के रूप में उभर कर सामने आएं- उपायुक्त
उपायुक्त छवि रंजन ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि आपको किसी की जान बचाने का मौका मिला है.
मेरा आपसे निवेदन होगा कि आप जीवनदाता के रूप में उभर कर सामने आएं और किसी की बेशकीमती जान बचाएं.उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमें प्लाज्मा डोनर का एक बड़ा समूह मिल गया है.
देखना है जोर कितना बाजुए कोरोना में है…
कोरोना वारियर्स को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने राम प्रसाद बिस्मिल की बातों से शुरुआत की.
उन्होंने कहा कि सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजुए कोरोना में है. एसएसपी ने कोरोना वारियर्स से कहा कि आप सौभाग्यशाली है, आप कोरोना से डरे नहीं बल्कि डटे रहे.
लोगों की दुआएं आपको मिली और स्वस्थ होकर एक बार फिर से आप लोगों की सेवा में हाजिर है. फिलहाल जो लोग कोरोना से संक्रमित हैं उनके लिए आप आदर्श हैं. सुरेंद्र झा ने सभी कोरोना वारियर्स को प्लाज्मा डोनेशन के लिए आगे आने पर धन्यवाद दिया.
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष इमरान खान और समाजसेवी अतुल गेरा ने भी जवानों का हौसला बढ़ाया
कोरोना वारियर्स के लिए बजाई गई ताली
कोरोना को मात देने के बाद ठीक हो चुके पुलिसकर्मी अब अपना प्लाज्मा दान कर लोगों की जान बचाएंगे. मानव सेवा के लिए जवानों के बहुमूल्य योगदान और सम्मान में कार्यक्रम के दौरान उनके लिए ताली बजाई गई. सभी उच्च अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने जवानों के सम्मान में ताली बजायी.
प्लाजमा डोनेशन के लिए जवानों की जांच की गई
कुल 54 पुलिसकर्मियों ने कोरोना को मात दी है. स्वस्थ होने के बाद इन जवानों का प्लाज्मा डोनेशन के लिए जांच किया गया. प्रारंभिक जांच के बाद जो जवान चिकित्सकीय रूप से प्लाज्मा डोनेशन के योग्य होंगे. उनका प्लाज्मा एकत्रित किया जाएगा. जवानों की जांच करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों से उपायुक्त छवि रंजन ने पूरी जानकारी ली.
शुक्रवार को रिम्स में लगेगा मेगा कैंप
प्रारंभिक जांच के बाद जो जवान प्लाजमा डोनेशन के योग्य होंगे, वो शुक्रवार को रिम्स में लगने वाले मेगा कैंप में अपना प्लाज्मा डोनेट करेंगे. उपायुक्त रांची ने सभी कोरोना वारियर्स का धन्यवाद देते हुए कहा कि हम कोरोना की खिलाफ लड़ाई में अवश्य कामयाब होंगे.

