वाराणसीः वाराणसी के एक नौजवान की नई खोज सामने आई है जिससे महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी.
श्याम चौरसिया नाम के इस युवक ने एक ऐसा झुमका तैयार किया है, जिससे ‘मिर्ची गोली’ निकलेगी. मनचलों को घटना को अंजाम देने के दौरान ही उन्हें निशाना बनाकर उन्हें भागने पर मजबूर कर देगी.
वाराणसी के पहड़िया स्थित अशोका इंस्टिट्यूट में रिसर्च ऐंड डिवेलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रभारी श्याम चौरसिया ने इसे बनाया है.
कान में पहने जाने वाले झुमके अब महिलाओं की सुरक्षा करेंगे. इससे महिला न सिर्फ अपनी आत्मरक्षा कर सकेगी, बल्कि मनचलों को छेड़छाड़ से रोकने में भी कामयाब होगी.
इस झुमके से मिर्ची की गोलियों की बरसात होगी. इसे बनाने वाले वाराणसी के श्याम चौरसिया ने बताया कि इस स्मार्ट ईयरिंग गन में तेज आवाज के साथ छेड़खानी करने वाले मनचलों पर लाल और हरी मिर्च की बुलेट दागने की क्षमता है.
यही नहीं, विशेष परिस्थिति में इसे हाथ में लेकर गोली भी चलाई जा सकती है जिसमें हरे और लाल मिर्च के पाउडर वाली गोली निकलेगी.
मोबाइल में लगे ब्लूटूथ को एक घंटे चार्ज करने पर यह सप्ताह भर चल जाएगा. इस डिवाइस को तैयार करने में श्याम चौरसिया को चार महीने का समय लगा है.
इसका वजन भी काफी कम है. इसका भार तकरीबन 45 ग्राम है और लम्बाई करीब 3 इंच है। इस ईयरिंग गन में 3 इंच लम्बी 5 एमएम मोटी फोल्डिंग बैरल है.
इस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में 3. 70 वोल्ट की बैट्री और 2 स्विच हैं. इसे तैयार करने में महज 450 रुपये का खर्च आया है.
इससे पहले श्याम ऐसा पर्स बना चुके हैं जिसमें अलर्ट बटन लगा हुआ है. इस बटाने को दबाने से अलार्म बजने लगता है जिससे पुलिस को भी सूचना पहुंच जाती है.

