गुजरात: गुजरात के वलसाड तहसील के बोदलाई गांव में अमेरिका के वृद्ध एनआरआई दंपति को घर में बंधक बनाकर ही लूट लिया गया. अपराधियों ने करीब 10 लाख रुपए का माल उड़ाया. लूट की वारदात को रविवार रात 10 बजे अंजाम दिया गया. जिसमें करीब 12 अपराधी शामिल थे. पीड़ित कणबी पटेल ने बताया कि, लूट के बाद अपराधी ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी. उन बदमाशों ने बंगले के बाहर सो रहे मजदूर से अंदर की चाबी मांगी. इस बीच नींद खुलने पर बाहर देखने पहुंची कणबी पटेल को बंधक बनाकर अपराधी ने बंगले में प्रवेश किया.
कणबी पटेल ने आगे बताया कि, हमें और मजदूर को बांधकर पटक दिया गया. उसके बाद अपराधियों ने लोहे की अलमारी तोड़ी और 50 तोला सोना-चांदी के जेवर, 4440 अमेरिकन डॉलर समेत 3 लाख रुपए नकद लूटे. बाद में हम तीनों को अपराधी बंगले में बंदकर फरार हो गए.
बकौल कणबी पटेल, ‘हमारा बेटा केरल घूमने के लिए गया था, उसकी अनुपस्थिति में इस वारदात को अंजाम दिया गया. वहीं पुलिस ने बताया कि, यह घटना बोदलाई गांव के मूल निवासी और यूएस में रहने वाले वृद्ध दंपती रमणभाई गोविंदजी पटेल और पत्नी रूख्मनीबेन के यहां हुई. वे खेती के कामकाज के लिए 9 महीने पहले ही बोदलाई आए थे. कुछ दिनों पहले ही वृद्ध दंपती का बेटा केरल घूमने के लिए गया था.

