नई दिल्ली: देश में कोरोना की रफ्तार बेहद डरावनी हो गई है. पिछले तीन दिनों से कोविड-19 के मामले एक दिन में 80,000 से ज्यादा आ रहे हैं. शुक्रवार को भारत में कोरोना के कुल मामले 40 लाख के पार चले गए. मात्र 13 दिनों में कोविड-19 मरीजों की संख्या 30 लाख से 40 लाख के पार पहुंच गई. अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरा ऐसा देश है, जहां कोरोना के मामले 40 लाख के पार पहुंच गए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार तक 31,07,223 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके साथ कोविड-19 मरीजों की ठीक होने की दर बढ़कर 77.23 प्रतिशत हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 40,23,179 हो गई है.
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 10 लाख से 20 लाख तक पहुंचने में 21 दिनों का समय लगा जबकि 20 से 30 लाख मरीज होने में 16 और दिन लगे. हालांकि, संक्रमितों की संख्या 30 लाख से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिनों का समय लगा है.
मंत्रालय के मुताबिक, कोविड-19 मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे जबकि संक्रमितों की संख्या एक लाख से 10 लाख तक पहुंचने में 59 दिन लगे.
आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 से मरीजों की मौत की दर में और गिरावट आई है और अब यह 1.73 प्रतिशत रह गई है. इस समय देश में कोविड-19 के 8,46,395 मरीज उपचाराधीन हैं जो कुल संक्रमितों का 21.04 प्रतिशत है.
उल्लेखनीय है कि सात अगस्त को भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 20 लाख के पार चली गई जबकि 23 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 30 लाख को पार कर गई.
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक अब तक देश में कुल 4,77,38,491 नमूनों की जांच गई है, जिनमें से 10,59,346 नमूनों की जांच अकेले चार सितंबर को की गई.

