मोतिहारी: मोतिहारी प्रखंड में आई बाढ़ से बेहाल उत्तरी छपरा बहास ,दक्षिणी छपरा बहास, दक्षिणी मनसिघा, पंचायत के लक्ष्मीपुर नयका टोला, चिकनौटा,मधुमालती, भवानीपुर,सपहा, मेहवा और नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से आए करीब चार सौ की संख्या में महिला-पुरुषों ने प्रखंड कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा किया.
जिला से आए अधिकारी सुमन कुमार और अंचलाधिकारी बद्री ठाकुर को घेरा. उन्होंने अब तक उचित राहत नहीं मिलने और प्रखंड मुख्यालय परिसर में राहत वितरण किए जाने की बात पर अपना आक्रोश जाहिर किया. बाढ़ से परेशान लोगों ने बताया कि हमलोग सप्ताह भर से बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं. जैसे-तैसे जान बची हुई है. घर, खेत और रास्ते सब बाढ़ में डूबे हुए हैं. अधिकारी कुछ भी नहीं कर रहे हैं. सर छुपाने के लिए प्लास्टिक और राशन की तत्काल आवश्यकता है और अधिकारी कहते हैं कि राहत के लिए प्रखंड कार्यालय आइए.
प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक, राजनैतिक और जन प्रतिनिधियों में प्रदीप सर्राफ, वार्ड पार्षद योगेंद्र पूरी, मो. तालिब, मो साबिर ,मो नेसार, विकास शर्मा, मो. बच्चू उर्फ लालबाबू मियां, संजय पांडेय, गंगा राम, शमीम अहमद, उदय राय ने एडीएम सुमन कुमार और अंचलाधिकारी बद्री ठाकुर से अपनी बात कही.
उनलोगों ने मांग की कि अविलंब पूरे प्रखंड के लोगों को बाढ़ राहत उपलब्ध कराया जाए. लोग संकट में हैं. उनकी मांगों को अधिकारियों ने नोट किया. बताया कि प्लास्टिक मंगवाया जा रहा है शाम तक आ जाएगा. साथ ही अन्य मांगों की जानकारी ऊपरी अधिकारियों को भेजी जा रही है. यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई.
अंचलाधिकारी ठाकुर ने कहा कि प्रखंड के पूरे पंचायत और नगर पंचायत को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के लिए रिपोर्ट किया गया है .भाजपा नेता प्रदीप सर्राफ ने नगर पंचायत सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने और बाढ़ पीड़ितों को अविलंब उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग गई है.

