चतरा: राज्य सरकार ने वृहत पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है. ऐसे में चतरा के वर्तमान एसपी अखिलेश वी वारियर को धनबाद का नया एसएसपी बनाया गया है. वहीं रांची में ग्रामीण एसपी के पद पर तैनात ऋषभ झा को चतरा का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है. एसपी के तबादले के बाद कल शाम समाहरणालय स्थित कांफ्रेंस हाल में विदाई समारोह का आयोजन कर अधिकारियों ने उन्हें विदाई दी.
समारोह में उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह, डीडीसी मुरली मनोहर प्रसाद, एएसपी निगम प्रसाद, टंडवा एसडीपीओ आशुतोष सत्यम, डीएसपी मुख्यालय वरुण देवगम समेत जिले भर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे.
मौके पर अधिकारियों ने निवर्तमान एसपी को बुके और पुष्पगुच्छ देकर विदाई दी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने एसपी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही कहा कि उनके जाने के बाद न सिर्फ उनकी कमी खलेगी बल्कि शायद ही पॉजिटिव मार्गदर्शन मिलेगा.
गौरतलब है कि एसपी अखिलेश वी वारियर ने चतरा में ही प्रशिक्षु आईपीएस के तौर पर काम किया था. जिसके बाद उन्हें गिरिडीह और फिर उसके बाद चतरा का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया था.

