देवघर: प्रशासन जनता के लिए सुगम व सुलभ हो तथा पारदर्शिता के साथ सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचे इसके लिए राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन सभी प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत मुख्यालयों में आयोजित किए जा रहे हैं.
आमतौर पर जनता को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों के निराकरण के लिए सुदूरवर्ती इलाकों से जिला मुख्यालय तक आने की जद्दोजहद करनी पड़ती थी परंतु राज्य सरकार की ओर से जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन उन्हीं सुदूरवर्ती पंचायतों प्रखंडों में आयोजित करती है.
इससे आम जनों का न केवल श्रम व समय की बचत होती है बल्कि वह इस समय का सदुपयोग दूसरे कार्यो के लिए भी कर पाते हैं. इसी क्रम में आगामी 4 मार्च को गिधनी पंचायत में उपायुक्त नैन्सी सहाय के नेतृत्व में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
उपायुक्त नैन्सी सहाय से सीधा संवाद कर शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रख सकतें है. इनमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आदि से संबंधित मामलों का त्वरित गति से निष्पादन करने का प्रयास किया जायेगा.
इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने विभाग के तहत संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जायेगी. जो शिकायत, पंचायत, ब्लॉक व अंचल से लंबित रह जाती हैं या रह गई है, उनका त्वरित गति से निष्पादन किया जाएगा.

