दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली के भगवान राम को नेपाली बताने वाले बयान की भारत के चौतरफा आलोचना हो रही है. कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ओली के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपना मांसिक संतुलन खो दिया है.
सिंघवी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘ऐसा लगता है कि नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने अपना मांसिक संतुलन खो दिया है या फिर वे एक तोते की तरह चीन के द्वारा लिखी लाइनों को पढ़ रहें है.
पहले उन्होंने भारत की जमीन को अपना बता दिया और अब वह राम, सीता, अयोध्या और रामराज्य को अयोध्या से मीलों दूर नेपाल लेकर चले गए.’
बता दें कि भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव बना हुआ है. ऐसे में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली द्वारा की गई इस टिप्पणी से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है.
ओली ने कवि भानुभक्त की जयंती के अवसर पर सोमवार को अपने आधिकारिक आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ”भारत अपने यहां फर्जी अयोध्या बनाकर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ कर रहा है. वास्तविक आयोध्या नेपाल के बीरगंज के एक गांव में है.”

