मुंबई: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी को लेकर एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है .बता दें दीवाली के मौके पर फिल्म को थियेटर में रिलीज किया जा सकता है.दरअसल फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि दिवाली तक थिएटर खुल चुके होंगे और सब कुछ नॉर्मल हो चुका होगा. रोहित शेट्टी डायरेक्टेड फिल्म सूर्यवंशी से ना सिर्फ ऑडियंस बल्कि खुद रोहित और बाकी स्टारकास्ट को भी काफी उम्मीदें हैं.लॉकडाउन के बाद थियेटर में रिलीज होने वाली सूर्यवंशी पहली फिल्म होगी, लेकिन अगर अक्षय की सूर्यवंशी दिवाली के मौके पर रिलीज होती है तो फिल्म को सामने कड़ी टक्कर देने के लिए सलमान खान की राधे भी नजर आ सकती है.
जी हां दरअसल खबरों का बाजार गर्म है कि सलमान खान इस बार दिवाली पर अपनी फिल्म राधे को रिलीज करने का मन बना रहे हैं. खबरें तो ये भी है कि एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म राधे को रिलीज करने के लिए 250 करोड रुपए की मांग की गई थी.इतना पैसा ना मिलने पर सलमान ने अपनी फिल्म को ऑनलाइन रिलीज ना करने का फैसला किया है.दरअसल सलमान का मानना है कि उनकी फिल्म थियेटर में रिलीज होगी तो आराम से इतना बिजनेस कर जाएगी.ऐसे में अब जरूरत है तो अच्छी तारीख चुनने की. सलमान की लकी ईद तो जा चुकी है. ऐसे में अब दिवाली का मौका किसी भी फिल्म को रिलीज करने के लिए परफेक्ट है.
फिलहाल सलमान की फिल्म राधे की दिवाली रिलीज का ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है लेकिन अक्षय की फिल्म की दिवाली रिलीज को लेकर खबरें आने लगी है.वैसे अभी ये क्लैश होगा या नहीं ये अभी पूरी तरह से साफ नहीं है, लेकिन हम आपको बता दें यह क्लैश इस ईद पर भी होने वाला था लेकिन लॉकडाउन के कारण नहीं हो पाया था.दरअसल अक्षय की फिल्म लक्ष्मी बम ईद के मौके पर रिलीज होनी थी और सलमान की राधे भी.लॉक डाउन की वजह से दोनों ही फिल्में अटक गई. फिर खबर आई कि दीवाली के मौके पर सलमान की राधे और अक्षय की पृथ्वीराज का आमना-सामना होगा, क्योंकि पृथ्वीराज के लिए दिवाली की तारीख पहले ही तय कर दी गई थी. अब जाहिर है लॉक डाउन की वजह से पृथ्वीराज की शूटिंग पर फर्क पड़ा है. इतना ही नहीं अक्षय एक ही त्यौहार पर अपनी ही दो फिल्में रिलीज नहीं करेंगे.
ऐसे में अब ये क्लैश राधे और सूर्यवंशी में होना तय माना जा रहा है.सलमान राधे में पुलिस अफसर के रोल में नजर आएंगे और सूर्यवंशी में अक्षय भी पुलिस की वर्दी पहने दिखाई देंगे.राधे में सलमान के साथ दिशा पाटनी होंगी तो सूर्यवंशी में अक्षय के साथ कैटरीना कैफ होंगी. साथ ही रणवीर सिंह और अजय देवगन का कमाल भी देखने को मिलेगा. इन सबके बीच सलमान की फिल्म पर उनके विवादों का भी असर देखने को मिल सकता है.पिछले काफी वक्त से सलमान पर गंभीर आरोप लग रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनका बहिष्कार किया जा रहा है.

