जमशेदपुर: इस्लाम धर्मावलंबियों के पाक त्योहार रमजान को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचाव एवं रोकथाम के उद्देश्य से आज आजादनगर के दारुल उलूम मदरसा में मानगो और आजादनगर के मस्जिदों के सभी उलेमाओं के साथ नगर पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिला दंडाधिकारी ने संयुक्त रूप से बैठक की.
बैठक में पदाधिकारियों ने कोरोना वायरस के संक्रमण के गंभीरता के बारे में उपस्थित उलेमाओं को बताया और उनसे रमजान के पाक महीने में सावधानी बरतने की अपील की.
उन्हें बताया गया कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग ही बेहतर उपाय है, इसलिए रमजान के महीने में अपने परिवार, समाज के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें.
सामूहिक रूप से नमाज पढ़ना और इफ्तार पार्टी के आयोजन नहीं करने का अपील किया गया. उलेमाओं ने स्वतः ही लॉकडाउन के नियमों के पालन करने की बात कही.
वहीं उन्होंने आश्वस्त किया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सामूहिक रूप से मस्जिद में नमाज नहीं पढ़ा जाएगा और न ही सामूहिक रूप से इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाएगा.

