रांची: कोरोना संक्रमणकाल में तीसरी सोमवारी पर भी आज राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर, देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर, दुमका स्थित बाबा वासुकिनाथधाम, खूंटी स्थित आम्रेश्वर धाम मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश की अनुमति नहीं मिली और श्रद्धालुओं ने अपने घर से ही ऑनलाइन पूजा अर्चना की. वहीं राज्य के अन्य मंदिरों में भी सोमवारी के मौके पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति न के बराबर रही, क्योंकि अभी मंदिरों में सिर्फ पुजारियों को ही पूजा अर्चना करने की अनुमति दी गयी है.
रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में सुबह में पुजारियों की ओर से विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गयी, जबकि मुख्य द्वार पर बैरिकेटिंग कर आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगी रही.
देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर में भी सुबह में भव्य प्रातःकालीन पूजा हुई. मंदिर के पुरोहितों ने विधिपूर्वक पूजा की. इस दौरान किसी को बाबा मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी गयी.
दुमका स्थित बाबा वासुकिनाथधाम में भी भव्य प्रातः कालीन पूजा हुई. मंदिर के प्रधान पुरोहित सदाशिव पंडा ने अपने सहयोगियों के बाबा बासुकिनाथ की शास्त्रीय विधि से पूजा की. कोरोना संक्रमण के कारण आज भी प्रधान पुरोहित को छोड़ कर किसी को बाबा मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी.

