कोलकाताः खिलाड़ियों का राजनीति में आना कोई नई बात नहीं. नवजोत सिंह सिद्धू, मोहम्मद अजहरुद्दीन, विजेंद्र सिंह सरीखे कई खिलाड़ी अलग-अलग दलों से चुनाव भी लड़ चुके हैं. इस वक्त पांच राज्यों में चुनावी माहौल अपने शिखर पर है. पश्चिम बंगाल में भी दो क्रिकेटर्स ने राजनीति की पिच पर कदम रखा है. भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी जहां तृणमूल कांग्रेस के साथ हैं तो तेज गेंदबाज अशोक डिंडा बीजेपी के पास.भारत की ओर से 12 वन-डे और तीन टी-20 मैच खेल चुके मनोज तिवारी हावड़ा की शिबपुर सीट से तृणमूल के उम्मीदवार हैं तो बीजेपी ने डिंडा को मोयना विधानसभा सीट से उतारा है. हाल ही में संन्यास लेने वाले अशोक डिंडा टीम इंडिया के लिए 13 वन-डे मैच और 9 टी-20 मैच खेल चुके हैं. केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.

