रांची: गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गये गड्ढे में एक मासूम की गिरकर मौत हो गयी. करीब सात फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ है. इसी गड्ढे में डूबकर सात साल के मोनू मुंडा की मौत हो गई. मोनू अपने नाना डोमन मुंडा के यहां बाहया गांव में रहता था. वह सोनाहातू के चंदाडीह गांव निवासी दयाकर मुंडा का इकलौता बेटा था. मोनू 18 अगस्त से लापता था. गुरुवार को हेसल जारा के पास गेल के गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में उसका शव मिला. कुछ लोगों ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ इस गड्ढे में नहाने गया था. इसी दौरान वह डूब गया. उसे डूबता देख उसके दोस्त भाग गए. उधर, मोनू की मां आशा देवी ने बाहया गांव के ही एक रिश्तेदार बुधराम मुंडा पर मोनू की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.

