टंडवा: सीसीएल की आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों की धज्जियां प्रतिदिन उड़ती रहती है. आम सड़कों पर कोल वाहनों की रेला लगी रहने के कारण सड़क दुर्घटना में चार लोग जख्मी हुए है, जिसमें एक कि मौत हो गई है. अन्य तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स में रेफर किया गया है, जहां स्थिति गंभीर बनी हुई है.
पहली घटना शनिवार रात की है, परियोजना के दो नम्बर कांटा घर के समीप चालक राजेंद्र करमाली (कुजू रामगढ़ निवासी)अपनी गाड़ी को खड़ा कर कांटा घर की ओर जा रहा था, इसी दौरान दूसरे ट्रक (जेएच 09एल2218) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों द्वारा आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शव को स्थानीय पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया.
दूसरी घटना रविवार सुबह परियोजना क्षेत्र के ही एक नंबर बैरियर के गोलचक्कर के समीप हुई है. एक हाइवा वाहन ने मोटरसाइकिल में सवार तीन लोगों को अपने चपेट में ले लिया, जिसमें बिंगलात गांव निवासी युगेश्वर साव, सुरेश साव एवं नीरज राम उर्फ पिंटू शामिल है. घटना के बाद ग्रामीणों द्वारा स्थानीय सरकारी अस्पताल में लाया गया,जहां प्रथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है. दो की हालात गंभीर बतायी जा रही है.
दुर्घटना के बाद विस्थापित ट्रक हाइवा ऑनर एसोसिएशन के सदस्यों ने गहरा दुःख जताया है.एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा की पहल पर ट्रांसपोर्ट कंपनियों, डिओ होल्डरों व वाहन मालिकों से चंदा इकट्ठा कर मृतक चालक राजेंद्र करमाली के परिजनों को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद की गई है. घायलों के लिए भी सहयोग के प्रयास किये जा रहे हैं.

