देवघर: देवघर जिले के मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के दुधनी में तेज रफ्तार अनियंत्रित एक कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक बच्चा और एक महिला समेत 7 लोग घायल हो गये. वहीं घटना के बाद कार पोल से जा टकरायी, जबकि कार चालक मौके का फायदा उठाते हुए वहां से फरार हो गया.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कार सवार पंचरुखी स्थित अपने घर से पालोजोरी जा रहा था. इसी दौरान मार्गांमुडा थाना क्षेत्र के दुधरी बाजार में खरीदारी करने आये लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक बच्चा और एक महिला समेत सात लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान रामकृष्ण तुरी के रूप में की गयी है. जबकि निजाम अंसारी गौरा तुरी, वीरेंद्र तुरी, गुलजहां बेगम और उनकी 5 वर्षीय पुत्र शहाबुद्दीन अंसारी के अलावा दो अन्य बुरी तरह से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार इतनी तेज गति से आई कि किसी को समझने का मौका नहीं मिला. सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए कार बिजली के खंभे से जा टकराई. इस बीच अफरा-तफरी में चालक फरार हो गया. आक्रोशित लोगों ने वाहन को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. घायलों को तत्काल मधुपुर स्थित एक नर्सिंग होम में दाखिल कराया गया. जहां इलाज किया जा रहा है.
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जबकि चालक अभी फरार बताया जाता है.

