रामगढ़ः सड़क हादसों में हर रोज होने वाले जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए सरकार के द्वारा किए जा रहे तमाम प्रयास वाहन चालकों के द्वारा अनियंत्रित गति से वाहन चलाने के भेंट चढ़ रहे हैं.
शनिवार को रामगढ़ धनबाद मुख्य सड़क एनएच 23 पर कोर्ट मोड़ के समीप एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने मोटरसाइकिल सवार पूरन करमाली को अपने चपेट में ले लिया.
पूरन करमाली अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ मोटरसाइकिल से बड़कीपोना से रामगढ़ आ रहे थे. 45 वर्षीय पूरन करमाली के घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
जबकि उनकी पत्नी और एक अन्य महिला को गंभीर अवस्था में पुलिस के द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सूचना के बाद तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पूरन करमाली के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया और सड़क पर जूटे राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर आवागमन सुचारू करवाया.
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन दुर्घटना स्थल से भागने में सफल रहा. आए दिन होने वाले इन मौतों के बाद भी वाहन चालक सड़क पर परिवहन नियमों की अनदेखी करते हैं.

