धनबाद. झारखंड के धनबाद में पुलिस की एक छोटी सी चूक ने 33 तोतों की जान ले ली. दाना-पानी के अभाव में तोतों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया. दो दिन बाद जब पुलिस ने कार का गेट खोला तो दो पिंजरे में बंद 40 में 33 तोते मृत पाये गये. यह देखकर पुलिस के होश उड़ गये.
दरअसल हुआ ये कि बुधवार देर रात को बरवाअड्डा थानाक्षेत्र में कल्याणपुर के पास जीटी रोड पर स्वीफ्ट डिजायर कार और बुलेट मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई. इस हादसे में बुलेट सवार तीन लोग जख्मी हो गए थे. इनमें एक महिला भी शामिल थी. हादसे के बाद मौके पर पहुंची बरवाअड्डा थाना की पुलिस ने कार और बुलेट को जब्त कर कृषि बाजार परिसर में लगवा दिया. पुलिस ने कार चालक संजीव शर्मा को हिरासत में ले लिया.
शुक्रवार को घटना में घायल बुलेट सवारों के बयान पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद पुलिस ने कार की जांच की, तो पाया कि कार के अंदर दो पिंजरे में 40 तोते बंद थे. इनमें से 33 तोते मृत पाये गये. दरअसल दो दिन तक बंद कार में रहने के कारण दाना-पानी के अभाव में इन तोतों की मौत हो गई थी. पुलिस ने जीवित 7 तोतों को बाहर निकाल कर उन्हें तत्काल दाना-पानी दिया. पुलिस ने तोतों की मौत की सूचना वन विभाग को दी. आगे वन विभाग इस मामले में कार्रवाई करेगा. पुलिस के मुताबिक इन तोतों को तस्करी कर ले जाया जा रहा था.
