चतरा:- चतरा में 15 पीस डेटोनेटर के साथ राजू भुइयां नामक शख्स को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर के पास से पुलिस ने एक सुपर स्प्लेंडर बाइक, एक मोबाइल और 1500 रुपया नगद बरामद किया है. तस्कर की गिरफ्तारी जिले के नक्सल प्रभावित लावालौंग थाना क्षेत्र के कटिया पंचायत भवन के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हुई है. सिमरिया एसडीपीओ अशोक रविदास ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एसपी ऋषव झा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक वृहद पैमाने पर डेटोनेटर लेकर जा रहा है. सूचना पर ही लावालौंग थाना प्रभारी द्वारा कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग अभियान चलाकर युवक को पकड़ा गया है. युवक कहाँ से डेटोनेटर खरीदकर किसे सप्लाई देने जा रहा था इसकी पड़ताल की जा रही है.

