दिल्ली: राजधानी दिल्ली का त्रिलोकपुरी इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा है. शनिवार देर रात दो गुटों में जमकर झड़प हुई. इस दौरान जमकर गोलियां चलीं, जिसमें शाहिद नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई. खबरों के मुताबिक, दो गुटों में झगड़ा मामूली नोकझोंक के बाद शुरू हुआ. इसके बाद दोनों गुटों में पथराव शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला बढ़ता चला गया. पथराव के बाद दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं. बताया जा रहा है कि इस झड़प में 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. एक 8 साल का बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है.
बताया जा रहै कि शनिवार रात 10.30 बजे त्रिलोकपुरी के ब्लॉक नंबर 26 में मन्नान नाम के गुट की आसिफ, शाहिद और मोहसिन नाम के लड़कों के गुट से नोकझोंक हुई. खबरों के मुताबिक, दोनों गुटों में पुरानी रंजिश थी. बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद मन्नान और आसिफ दोनों ही गुटों के लड़के मौके जमा हो गए. हाथापाई के बाद दोनों गुटों में पथराव शुरू हुआ फिर मालमा बढ़ता चला गया.
खबरों के मुताबिक, करीब 15 से 20 मिनट तक चले बवाल के बाद मयूर विहार थाने की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायलों को पीसीआर और कैट्स एंबुलेंस की मदद से एलबीएस अस्पताल पहुंचाया. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. इलाके में फिलहाल तनाव है. तानाव को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

