महाराजगंज: अब तो कीमती सामानों की तरह प्याज की भी तस्करी होने लगी है. डायरेक्ट्रेट ऑफ रिवेन्यू इंटेलीजेंस की लखनऊ जोनल टीम ने महाराजगंज के नौतनवां क्षेत्र में शुक्रवार को दो करोड़ रुपये के प्याज की तस्करी पकड़ी है. आलू बताकर इस प्याज को नेपाल ले जाया जा रहा था. टीम ने करीब 3600 क्विंटल प्याज जब्त किया गया है. एक तस्कर को गिरफ्तार कर लखनऊ जेल भेज दिया गया है.
आसमान छू रहे प्याज के दामों के कारण तस्कर सक्रिय हो गए हैं. रिवेन्यू इंटेलीजेंस अधिकारियों को गोपनीय सूचना मिली की भारत से नेपाल प्याज की तस्करी की जा रही है. महाराजगंज के नौतनवां में तस्कर सन्नी कुमार मद्धेसिया को टीम ने पकड़ लिया. उसने प्याज की बोरियों में ऊपर कुछ आलू भर रखे थे, ताकि कोई यह ना जान सके कि इसमें प्याज है. प्याज के निर्यात पर रोक लगी हुई है. इसलिए उसने आलू निर्यात करने का कागज बनवाया. कड़ी पूछताछ और जांच के बाद सच सामने आ गया.
3600 क्विंटल प्याज बरामद किया गया. फिलहाल गिरफ्तार किए गए सन्नी कुमार मद्धेसिया को लखनऊ जेल भेज दिया गया है. उसने पूछताछ में कुछ और तस्करों के नाम बताए हैं. अब उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है.

