रांची : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के रांची पशुचिकित्सा महाविद्यालय में अध्ययनरत स्नातक पाठ्यक्रम प्रथम सत्र (वर्ष 2019-20) के 51 विद्यार्थी सोमवार से ऑनलाइन परीक्षा में भाग लेंगे। महाविद्यालय द्वारा 17 अगस्त से 24 अगस्त तक प्रथम सत्र के विषयों की परीक्षा ली जायेगी। ऑनलाइन परीक्षाएं एक घंटे की होगी। छात्रों को एक मोबाइल से परीक्षा देने की अनुमति होगी। दूसरे मोबाइल से छात्र को परीक्षा में शामिल होने का लाइव चित्र दिखाने को कहा गया है। यह व्यवस्था कदाचार मुक्त परीक्षा आयोजित करने के उद्देश्य से रखी गई है। परीक्षा की निगरानी सात मोबाइल और लैपटॉप से की जायेगी।
पिछले दिनों प्रभारी कुलपति सह कृषि सचिव अबु बकर सिद्दीख पी की अध्यक्षता में आयोजित एकेडमिक काउंसिल की बैठक में सत्र को नियमित बनाये रखने के लिए ऑनलाइन परीक्षा लेने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद महाविद्यालय द्वारा ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही है।
डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने बताया कि कोविड -19 लागू लॉकडाउन की वजह से छात्रों के में सत्रों देरी हो रही थी। कोविड-19 की वजह से वेटनरी कौंसिल ऑफ इंडिया ने छात्र हित में ऑनलाइन परीक्षा लेने का निर्देश जारी किया था। प्रत्येक स्नातक पाठ्यक्रम सत्र में विषयों की तीन इंटरनल असेसमेंट परीक्षा ली जाती है। इन तीनों में से बेस्ट इंटरनल असेसमेंट परीक्षा के आधार पर छात्रों को सफल घोषित किया जाता है। छात्रों को पुनः दूसरे इंटरनल असेसमेंट परीक्षा देने का अवसर दिया जायेगा।
डीन वेटनरी ने बताया कि कॉलेज के द्वितीय वर्ष (2018-19) में 27, तृतीय (2017-18) व चतुर्थ वर्ष (2016-17) में 26 – 26 छात्र –छात्राएं विद्यार्थी अध्ययनरत है। द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं कतिपय कारणों से अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। इन तीन सत्रों की ऑनलाइन परीक्षाएं बाद में आयोजित की जायेगी।
