दिल्ली: बीते 25 मार्च से लागू लॉकडाउन 3 मई को खत्म होने वाला है. इसके बाद एक बार फिर विमान उड़ान भरने लगेंगे. लेकिन देश के एयरपोर्ट काफी बदले-बदले नजर आएंगे. न्यूज एजेंसी के मुताबिक उड़ान सेवाओं को लेकन विमानन प्राधिकरण ने एक गाइडलाइन भी जारी की है.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है, ” यह मानकर चला जा रहा है कि शुरुआत में बड़े (मेट्रो अथवा टिअर-1) शहरों, कुछ राज्यों की राजधानियों और कुछ प्रमुख टिअर-2 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं बहाल होंगी.”
प्राधिकरण ने आगे कहा कि अगर किसी एयरपोर्ट के पास कई टर्मिनल हैं तो शुरुआती दिनों में केवल एक टर्मिनल का उपयोग ही किया जाना चाहिए. इसके अलावा, अगर एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान उन तक पहुंचाने के कई सुविधाएं हैं तो इनका इस्तेमाल बीच में एक-एक को छोड़कर किया जाना चाहिए ताकि लोगों के बीच परस्पर दूरी रह सके.
नियामक ने कहा कि जब तक उड़ान सेवाओं का संचालन धीरे-धीरे न बढ़े, तब तक खाने-पीने के स्टोर और खुदरा स्टोर सीमित संख्या में ही खुलने चाहिए. एयरपोर्ट पर स्थित रेस्त्रां और पब में शराब तभी परोसी जानी चाहिये, जब संबंधित राज्य सरकार इसकी अनुमति दें.
इस बीच, इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) ने हवाई सफर करने वाले यात्रियों के आंकड़े जारी किए हैं. आंकड़ों के मुताबिक यात्रियों की संख्या इस साल मार्च महीने में साल भर पहले की तुलना में 11.8 प्रतिशत कम हो गई है.
इस दौरान वैश्विक स्तर पर विमानन यात्रियों की संख्या में 52.9 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई. आईएटीए ने कहा, “रूस और भारत के घरेलू आंकड़े वैश्विक गिरावट से अलग हैं. मार्च महीने में सालाना आधार पर रूस में विमानन यात्रियों की संख्या में मात्र 15.4 प्रतिशत की और भारत में मात्र 11.8 प्रतिशत की गिरावट आई है.”

