रवि सिंह,
बिहार: कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में सख्ती के साथ महीनों लॉकडाउन लागू रहा. 70 दिनों से राज्य के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवा बंद कर दी गई थी, लेकिन आज से राज्य के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवा शुरू करने का निर्देश जारी कर दिया गया है.
ये निर्देश स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत ने दिया है. इस निर्देश में कई सुविधाएं और ऐहतियात के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई है. किस तरह से डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी काम करेंगे?
मरीजों को देखने की क्या व्यवस्था होगी? इन सब को लेकर विस्तार से गाइडलाइंस दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के निर्देश में कहा गया है कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में फ्लू कॉर्नर बनाया जाए, जिनमें सभी मरीजों को पहले थर्मल जांच के लिए भेजा जाएगा.
अगर किसी मरीज में कोरोना के लक्षण दिखेंगे, तो कोरोना गाइडलाइंस के अनुसार उसका इलाज किया जाएगा. ब्लू कलर में रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी, जो N95 मास्क डिस्पोजेबल ग्लास, वर्क कैप पहन कर काम करेंगे.
वहीं, डॉक्टर के कमरे में एक-एक मरीज को ही भेजे जाएंगे. डॉक्टर मरीज के इलाज के दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन करेंगे. स्वास्थ विभाग ने हर हाल में कोरोना को लेकर निर्धारित प्रक्रिया के पालन करना अनिवार्य कर दिया है.

