सुरूर रज़ा,
रांची: यूं तो अनलॉक के बाद राज्य में बहुत सारे प्रतिष्ठान/दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी. हालांकि मॉल्स, होटल्स, सैलून, जिम और स्पा बंद थे. सरकार ने 1 सितंबर से इसे भी खोलने की हरी झंडी दे दी. शहर में अब सैलून खुल चुके हैं. इसमें सभी तरह की व्यवस्था नई हो गई है. सैलून संचालक सरकार के इस निर्णय से खुश है, क्योंकि महीनों तक सैलून बंद रहे. इसके कारण से सैलून संचालकों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ा है.
क्या कहते है संचालक

सैलून संचालकों का कहना है कि लॉकडाउन में काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा. व्यवसाय में काफी नुकसान भी उठाना पड़ा, परंतु सरकार के आदेश के बाद राहत की सांस मिली है. फिलहाल कस्टमर का रिस्पांस काफी कम है, पर उम्मीद है कि कुछ दिनों में कस्टमर की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी.
गाइडलाइन का सख्ती से होगा पालन

सरकार द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों के अनुरूप सैलून और पार्लर संचालित किये जा रहे हैं. संचालकों ने यह खास तौर से ध्यान में रखा है कि आने वाले कस्टमर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क का उपयोग जरूर करे. साथ ही, थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही कस्टरमर को सैलून में प्रवेश कराया जाएगा.

बता दें कि सैलून में आने वाले ग्राहकों को पहले सैनिटाइज किया जा रहा है. वहीं संचालक द्वारा मास्क गलब्ज सहित अन्य जरूरी चीजों के साथ काम किया जा रहा है. ग्राहक के जाने के बाद सीट और औजारों को सैनिटाइज कर रहे हैं.
गाइडलाइन का पालन करते हुए दुकानों का संचालन किया जा रहा है. शुरुआती दौर में थोड़ी दिक्कतें हो रही है. गाइड लाइन की जानकारी देने पर ग्राहक थोड़े असहज महसूस कर रहे हैं, लेकिन समझाइश के बाद मान रहे हैं. नाम, पता आदि जानकारी ली जा रही है. सभी समाजजनों से अपील है कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें.

