Ranchi:- रांची पुलिस ओरमांझी युवती हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के बेहद करीब पहुंच गयी है. पुलिस को शेख बिलाल की सरगर्मी से तलाश है. पुलिस ने उसका सुराग देनेवालों को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है.
बता दें कि चान्हो थाना क्षेत्र के चटवल गांव के एक दंपती ने सिरकटी लाश की पहचान अपनी बेटी के रूप में की है. दंपति के अनुसार लाश उनकी बेटी सुफिया परवीन की है जो लगभग दो माह से गायब थी. पुलिस को दंपति ने बताया है कि उनकी बेटी सुफिया का बचपन में खाना बनाने के दौरान पैर जल गया था.

रिम्स में जो शव उन्हें दिखाया गया है, उसके भी एक पैर में जले का निशान है. ऐसे में पुलिस भी अब यह मानकर तहकीकात आगे बढ़ा रही है कि यह लाश सूफिया परवीन की है. सूफिया के माता-पिता का डीएनए जांच के लिए भेजा गया है.
इस मामले में पुलिस को चंदवे ग्राम निवासी शेख बिलाल की सरगर्मी से तलाश है. पुलिस ने उसका सुराग देनेवालों को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है. अब तक जो सुराग हाथ लगे हैं, उसके मुताबिक इस कांड का किंगपिन बिलाल ही है. हालांकि इसकी पुष्टि के लिए बिलाल की गिरफ्तारी जरूरी है.
सूफिया परवीन ने लगभग 10 माह पहले बलसोकरा गांव निवासी खालिद के साथ प्रेम विवाह किया था. इसके बाद वह खालिद के साथ बलसोकरा स्थित उसके गांव में रह रही थी. हालांकि खालिद पहले से ही शादीशुदा है. सूफिया परवीन के घर से चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक घर में उसका ससुराल था. यहीं सूफिया के साथ उसकी मोहब्बत हुई और बाद में उसने सूफिया से दूसरी शादी रचा ली. शादी के बाद पिछले लगभग दो माह से सूफिया और खालिद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. जानकारी मिली है कि सूफिया इस बीच शेख बिलाल के संपर्क में आयी और पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी.इसी शेख बिलाल की तलाश अब पुलिस सरगर्मी से कर रही है. पुलिस ने उसकी तस्वीर भी जारी की है. रांची के ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने कहा कि बिलाल का सुराग देनेवालों को उचित पुरस्कार दिया जायेगा. बिलाल पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है. बता दें कि गत 3 जनवरी को पुलिस ने ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित जिराबार पलाश पतरा जंगल से एक युवती का सर कटा शव बरामद किया था. उसकी हत्या निर्ममता पूर्वक की गयी थी और उसके निजी अंगों पर धारदार हथियार से जख्म के निशान पाये गये थे.

