रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने आंगनबाड़ी सेविकाओं के मानदेय में वृद्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि रघुवर सरकार समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशील है क्योंकि हमारा एकमात्र लक्ष्य आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की धारा से जोड़ना है.
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी से जुड़ी माता बहनों की मांग पर सकारात्मक रूप से विचार करते हुए हमारी सरकार ने उनके मानदेय में जो बढ़ोतरी की है उससे 74 हजार से ज्यादा सेविकाओं एवं सहायिकाओं को लाभ मिलेगा.
उन्होंने आगे कहा कि सरकार हर समाज हर वर्ग चाहे वो महिला हो या अल्पसंख्यक, युवा हो या वृद्ध, छोटे व्यापारी हो या पत्रकार सबके उत्थान के लिए पूर्ण समर्पित है. इसी क्रम में सरकार ने शहरी निकाय कर्मियों को भी सातवें वेतनमान का लाभ मिलना सुनिश्चित किया है जिससे लगभग 2 हजार कर्मियों को लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि अंत्योदय के लिए दृढ़संकल्पित भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मार्ग पर चलते हुए देश एवं प्रदेश में लगातार विकास की नयी इबारत लिख रही है.

