रामेश्वर उरांव प.बंगाल और असम में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में उतरे
रांची:- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डाॅ0 रामेश्वर उरांव विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होने के साथ ही अब पश्चिम बंगाल और असम में हो रहे चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने के लिए प्रचार अभियान में जुट गये हैं. उन्होंने आज पश्चिम बंगाल में पुरूलिया के बाघमुंडी में चुनावी सभा को संबोधित किया, जबकि 25 मार्च से तीन दिवसीय असम दौरे पर रहेंगे.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ0 रामेश्वर उरांव ने आज पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले के बाघमुंडी में कांग्रेस प्रत्याशी नेपाल महतो के पक्ष में विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया. यहां से भाजपा समर्थित आजसू पार्टी प्रत्याशी चुनाव मैदान में है. डाॅ0 उरांव ने जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से यह पूछा कि 20 साल पुराने सड़े केला को खाना कोई पसंद करता है, तो सभी ने एक स्वर में कहा कि कोई व्यक्ति सड़े गले केला को खाना पसंद नहीं कर सकता है.
वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से सभी त्रस्त है, देश में बढ़ती महंगाई से जहां गृहणियां परेशान है, वहीं बढ़ती बेरोजगारी और रोजगार के अवसर में कमी आने से युवाओं में आक्रोश है, पूंजीपतियों के इशारे पर बनाये गये नये कृषि कानून किसान परेशान है. भाजपा सरकार ने हर वायदे को झूठलाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि ममता दीदी ने भी 10 सालों के शासन में आम जन के लिए कुछ नहीं किया, ऐसे में फिर से कांग्रेस शासन में ही राज्य का समुचित विकास संभव है. डाॅ0 उरांव ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में बाघमुंडी के विधायक प्रत्याशी नेपाल महतो ने क्षेत्र के लोगों और पार्टी कार्यकत्र्ताओं की मदद के लिए लगातार प्रयासरत रहे, इसी क्रम में वे अक्सर उन्हें भी फोन कर मदद का आग्रह करते थे.
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश हित को सर्वोपरि माना है और इन 73 वर्षों में देश की जनता की समय समय पर जरुरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई हैं.उन्होंने बाघमुंडी की जनता से नेपाल महतो को भारी मतों से चुनाव जीताने की अपील की.
पार्टी के प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 रामेश्वर उरांव 25 मार्च से तीन दिवसीय असम दौरे पर रहेंगे. वे वहां चाय बगान और जनजातीय बाहुल्य इलाकों में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. उन्होंने बताया कि वे भी प्रदेश अध्यक्ष के साथ असम दौरे पर जा रहे हैं, इस क्रम में वे झारखंड से असम गये आदिवासी बहुल इलाकों में कई छोटी-बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.

