इस्लामाबाद: अफगानिस्तान में आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का कमांडर कारी सैफुल्ला महसूद को मार गिराया गया है. बताया गया है कि अज्ञात बंदूकधारियों ने पाकिस्तानी तालिबान के कमांडर की गोली मारकर हत्या कर दी.
टीटीपी ने अपने कमांडर के मारे जाने की पुष्टि की है. अनाडोलू न्यूज एजेंसी की खबर के अनुसार आतंकी संगठन टीटीपी के प्रवक्ता ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि सैफुल्ला खोस्त प्रांत में गुलून शिविर के बाहर मारा गया है.
प्रवक्ता ने दावा किया कि यह हमला हक्कानी नेटवर्क द्वारा किया गया था, क्योंकि उन्होंने कुछ दिन पहले इलाके में टीटीपी के हकीमुल्ला महसूद समूह से जुड़े तीन आतंकवादियों को मार गिराया था. टीटीपी की स्थापना 2007 में बैतुल्ला महसूद द्वारा की गई थी और वर्तमान में इसे चार गुटों में विभाजित किया गया है जिनमें स्वात समूह, मेहसूद समूह, बाजौर एजेंसी समूह और दर्रा आदम खेल समूह शामिल हैं.

