पाकिस्तान:- पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदूओं के मंदिर को निशाना बनाने की एक और खबर सामने आई है. रावलपिंडी शहर में सौ साल से भी ज्यादा पुराने एक हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों के एक समूह ने हमला किया है. इस घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है. जानकारी के अनुसार, मंदिर के नवीकरण का काम चल रहा है. शिकायत के मुताबिक, शहर के पुराना किला इलाके में शनिवार को शाम करीब साढ़े सात बजे 10 से 15 लोगों के एक समूह ने मंदिर पर हमला किया. इस दौरान हमलावरों ने मंदिर की ऊपरी मंजिल के मुख्य द्वार तथा एक अन्य दरवाजे के साथ-साथ सीढ़ियां तोड़ दीं.डॉन’ समाचार पत्र की खबर के मुताबिक इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) उत्तरी जोन के सुरक्षा अधिकारी सैयद रजा अब्बास जैदी ने रावलपिंडी के बन्नी थाने में शिकायत दी, जिसमें बताया गया है कि पिछले एक महीने से मंदिर के निर्माण और नवीनीकरण का काम चल रहा है.
शिकायत में पुलिस को बताया गया है कि मंदिर के सामने कुछ अतिक्रमण किया गया था, जिसे 24 मार्च को हटा दिया गया था. मंदिर में धार्मिक गतिविधियां शुरू नहीं हुई हैं और न ही वहां पूजा के लिए कोई मूर्ति रखी गई है.

