पुंछ: रविवार को लगातार छठे दिन भी पाकिस्तानी सेना ने देर शाम को मेंढर सब डिवीजन में मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में मोर्टार दागे. इससे नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. सेना की तरफ से भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया.
रविवार को छठे दिन भी पाकिस्तानी सेना ने 4.45 बजे मनकोट सेक्टर में गोलाबारी शुरू कर दी. पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलाबारी किए जाने के कुछ ही पलों बाद क्षेत्र में सेना ने भी उसी क्रम में पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया. गोलाबारी की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. गोलाबारी से कहीं नुकसान होने का कोई समाचार नहीं है.
देर शाम तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही. गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना की तरफ से छह दिन से गोलाबारी को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बन गया है.

