मेदिननगर: इंस्पायर अवार्ड के नॉमिनेशन में पलामू पूरे हिंदुस्तान में 23वें स्थान पर है. पलामू के लिए यह सुखद बात है कि यहां के बच्चे अच्छे कर रहे हैं. यह बातें जिला शिक्षा पदाधिकारी उपेन्द्र नारायण ने कही. वे आज डिजिटल माध्यम से आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण-सह-बैठक में बोल रहे थे. प्रशिक्षण में जिले के चैनपुर, पांकी तथा पाटन प्रखण्ड के सभी शिक्षकों, सीआरपी व बीआरपी ने भाग लिया.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इंस्पायर अवार्ड के नॉमिनेशन के लिए सभी शिक्षकों, सीआरपी तथा बीआरपी बधाई दी. परन्तु हाईस्कूल के बच्चों का राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में कम संख्या में भाग लेने पर चिंता जाहिर की.
साथ ही सभी शिक्षकों को राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में ज्यादा-से-ज्यादा बच्चों की भागिदारिया सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बच्चों को प्रेरित किया जाए. वहीं पुष्टिकरण फॉर्म को प्रतिदिन अपडेट करने का निर्देश दिया.
पलामू जिले के साथ-ई कार्यक्रम एवं पिरामल फाउंडेशन के प्रभारी नीलेश शर्मा ने बताया कि पलामू जिले से 19 प्रतिशत बच्चे क्विज में भाग ले रहे है, जो चिंता का विषय है. प्रखंड, संकुल और स्कूल स्तर पर योजना बनाकर काम करने की जरुरत है.
इस ऑनलाइन बैठक में ’प्रज्ञाता’ डिजिटल ऑनलाइन एजुकेशन को लेकर शिक्षकों को जागरूक करने को लेकर स्टेट रिसोर्स पर्सन दिनेश कुमार शुक्ला ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी. प्रजेंटेशन के क्रम में बताया कि कोविड-19 संक्रमण काल में सभी स्कूल बंद हैं और ऑनलाइन सभी को शिक्षा दी जा रही है.
इस क्रम में बच्चे की शिक्षण डिजिटली ऑनलाइन एजुकेशन व्यवस्था के तहत हो, यह समय की मांग है. उन्होंने सभी शिक्षकों को ऑनलाइन शिक्षण देने के लिए दक्षता हासिल करने की जरूरत पर बल दिया.
नेशनल कौंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग के द्वारा शिक्षा विशेषज्ञों के सलाह व शोध पश्चात ’प्रज्ञाता’ नाम से डिजिटली एंड ऑनलाइन एजुकेशन गाइडलाइन प्रस्तुत किया गया, जिसे मानव संसाधन मंत्रालय भारत सरकार ने 14 जुलाई को बच्चों, शिक्षकों व अभिभावकों के लिए जारी किया था, जिसके तहत स्कूली बच्चों का ऑनलाइन क्लास लिया जा रहा है.
इसमें ’दीक्षा’ नामक एप्प जो ’वन नेशन वन डिजिटल प्लेटफॉर्म’ के नाम से डिजिटल एजुकेशन को सुविधाजनक व सरल करने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है. उस एप को मोबाइल में डाउनलोड करने एवं इसके उपयोग को लेकर प्रशिक्षक स्टेट रिसोर्स पर्सन अमरेंद्र नारायण ने प्रस्तुति दी.
ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र की उत्तरार्ध में जिला प्रभारी नीलेश शर्मा ने सभी प्रखण्ड के डिजिटल एजुकेशन से लाभान्वित बच्चों की संख्या व स्थिति से अवगत कराया. साथ ही संबंधित प्रखंडों का परिणाम अपेक्षित नहीं होने पर नाराजगी जताई. उन्होंने अधिक-से-अधिक बच्चों को डिजिटल एजुकेशन का लाभ देने की बातें कहीं. उन्होंने राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में अधिक से अधिक बच्चों को शामिल करने की बातें कही.
एडीपीओ उदय कुमार सिंह ने जिला कार्यालय से हर संभव मदद देने की बात कही. उन्होंने संकुल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह शिक्षकों की बैठक आहूत करने की बातें कही. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चों को ससमय लर्निंग कंटेंट मिले और शिक्षक बच्चों से बात करने के बाद ही पुष्टिकरण फॉर्म को अपडेट करे. कुछ शिक्षकों के लापरवाही के कारण पलामू का रैंक गिर रहा है. आज की ऑनलाइन बैठक में 530 की संख्या में शिक्षकगण, बीआरपी सीआरपी समेत प्रखण्ड के बीईईओ जुड़े थे.
जिले के अन्य प्रखण्डों के शिक्षक, बीआरपी, सीआरपी, बीईईओ का भी प्रशिक्षण होगा. इसकी समय सारणी जारी की गयी है. 21 सितंबर को हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज, हैदरनगर और विश्रामपुर और 23 सितंबर को छतरपुर, नावाबजार, नवडीहा बाजार,पाण्डु और उंटारी रोड के शिक्षकों का प्रशिक्षण 11 बजे से 1 बजे तक जूम एप्प से किया जाएगा.

