लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 18 जिलों में 2.21 लाख से ज्यादा पदों के लिए मतदान होगा.
राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा. जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 2.21 लाख से अधिक पदों के लिए 3.33 लाख से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं.
चार चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में अयोध्या, आगरा, कानपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, प्रयागराज, बरेली, भदोही, महोबा, रामपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, संत कबीर नगर, सहारनपुर, हरदोई और हाथरस जिलों में मतदान होगा. पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के 779 पदों के लिए 11,442 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 19,313 पदों के लिए 81,747 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान के 14,789 पदों के लिए 1,14,142 प्रत्याशी और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों के 1,86,583 पदों के लिए 1,26,613 उम्मीदवार मैदान में हैं.
कोरोना वायरस लगातार प्रदेश में अपने पैर पसार रहा है. ऐसे में सुरक्षित मतदान कराना चुनाव आयोग के लिए बड़ी चुनौती है. इसके साथ ही शांतिपू्र्ण मतदान कराने के लिए पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सूबे के राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव में लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान करना होगा.
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान 18 जिलों में होगा. पहले चरण में 779 जिला पंचायत वार्ड हैं, जिसके लिए 12,157 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा. 233 का नामांकन रद्द हुआ और 175 नामांकन वापल लिए गए. कुल 11,749 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. क्षेत्र पंचायत के 19,313 पदों के लिए 71,418 प्रत्याशी मैदान में हैं. 14,789 ग्राम पंचायतों के लिए वोट पहले चरण में पड़ेंगे. प्रधान पद के 108,562 उम्मीदवार मैदान में हैं.

