उपायुक्त के जनता दरबार में आई महिला ने की थी शिकायत, 24 घण्टे के भीतर पंचायत स्वयं सेवक हुआ कार्यमुक्त
मेदिनीनगर :- जनता दरबार में पहुंची फुलवंती कुंवर ने उपायुक्त से पाटन प्रखंड के महुलिया पंचायत के पंचायत सेवक तथा पंचायत स्वयं सेवक के खिलाफ शिकायत की थी. जनता दरबार में उन्होंने बताया कि उन्होंने 6 माह पूर्व रूफ़ लेवल तक आवास पूर्ण कर लिया है परंतु पंचायत सेवक एवं पंचायत स्वयंसेवक द्वारा जियो टैग नहीं किया जा रहा है. जियो टैग करवाने के लिए उनसे 20 हज़ार रुपये का घुस मांगा जा रहा है.
उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास के कोऑर्डिनेटर को उक्त स्थल पर भेजा और स्थलीय जांच करने का निर्देश दिया. जांच रिपोर्ट के आलोक में उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायत सेवक को निलंबित करने तथा पंचायत स्वयंसेवक को कार्यमुक्त करने का आदेश जारी किया है. उपायुक्त ने इसके अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी पाटन तथा इस मामले में संलिप्त सभी कर्मचारी से स्पष्टीकरण की भी मांग की है. इसके अलावा उपायुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फुलवंती कुंवर के विंडो लेवल तक का जियो टैग करा दिया गया तथा द्वितीय किस्त भुगतान हेतु एफटीओ भी जेनेरेट करवा दिया गया.
