रांची रेल मंडल में सभी ट्रेनें समय पर पहुंची, समय पर खुली
रांची. किसानों की मांग के समर्थन में आहूत देशव्यापी रेल रोको आंदोलन झारखंड के कुछ स्टेशनों पर आंशिक असर देखने को मिला और आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा.
देश व्यापी रेल रोको आंदोलन के तहत राजधानी रांची के के नामकुम, नगड़ी, लोहरदगा, जमशेदपुर ,बहरागोड़ा, चाकुलिया, गुमानी, बड़हरवा, दुमका गोमिया, मेहरा,एमजीआर लाईन, लातेहार,गोमो, रामाकुंडा, नीमडीह, धनबाद, सिंदरी, कुमारडूबी, कोडरमा, गिरिडीह,हजारीबाग, रामगढ़ स्टेशनों पर रेल रोकने की कोशिश की गयी.
किसान संयुक्त मोर्चा के देशव्यापी रेल रोको आंदोलन के तहत झारखंड राज्य किसान संघर्ष समन्वय समिति द्वारा राजधानी के नामकुम स्टेशन में रेल रोका. किसान विरोधी कानून रद्द करो, किसानों के फसल केलिए समर्थन मुल्य का कानून बनाना होगा, पेट्रोल ,डीजल ,गैस मूल्य वृद्धि वापस लो, मजदूर विरोधी मजदूर कोड रद्द करो ,खेत हमारा फसल हमारा दाम तुम्हारा नहीं चलेगा के नारे लग रहे थे. प्रदर्शन को लेकर भारी संख्या में पुलिस दल तैनात किया गया था. मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड राज्य किसान संघर्ष समन्वय समिति के राज्य संयोजक सुफल महतो ने कहा झारखंड के सभी जिलों में रेल रोको शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ.
इधर,रांची रेल मंडल के सीपीआरओ नीरज कुमार ने बताया कि रांची रेल मंडल में आने वाली एक भी पैसेंजर गाड़ी प्रभावित नहीं हुई. सभी गाड़ियां समय से रांची स्टेशन आयी और समय से खुली. किसी ट्रेन के परिचालन में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं हुई. कहीं भी आरपीएफ को बल का प्रयोग नहीं करना पड़ा.

