मुंबई: नवी मुंबई में एक बस के कंडक्टर को एक यात्री ने चाकू मार दिया. आरोपी यात्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक तनमय कावेथकर ने बस कंडक्टर रामेश्वर को इसलिए चाकू मार दिया, क्योंकि उसने छुट्टे दस रुपये के नोट के बदले दस का सिक्का पकड़ा दिया था.
पुलिस ने बताया कि, 34 वर्षीय आरोपी तनमय ने शनिवार को कंडक्टर रामेश्वर की गर्दन और सीने में चाकू मारा था. बस के अन्य यात्रियों ने उसे तुरंत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. कंडक्टर का इलाज नवी मुंबई के अस्पताल में चल रहा है और वह अब स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा है.
आरोपी कावेथकर का आपराधिक रिकॉर्ड है. उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चार मामले दर्ज हैं. इससे पहले भी दो बार कंडक्टरों पर खुले पैसों के लिए वह हमला करने के आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है.

