सीजन में प्रति एकड़ होगी ढाई से तीन लाख रुपये की आय: उपायुक्त
लोहरदगा: पेशरार प्रखंड के तुईमु पंचायत स्थित मन्हेपाट और हेसाग पंचायत के पुंदाग ग्राम में आयोजित जनता दरबार के दौरान उपायुक्त द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत नाशपाती बागवानी का गड्ढा खोदो अभियान का शुभारंभ शनिवार को किया गया. नाशपाती बागवानी प्रखंड के 400-500 एकड़ में किये जाने की स्वीकृति बिरसा हरित ग्राम योजनान्तर्गत प्रदान की गई है.
मन्हेपाट ग्राम में उपायुक्त ने कहा कि नाशपाती योजना यहां के लोगों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए है. नाशपाती लगाये जाने से पहले गड्ढे की खुदाई की जायेगी, जिसमें रोजगार उपलब्ध होगा. इसके बाद नाशपाती का पौधा लगाया जायेगा, जिसमें लोगों को रोजगार मिलेगा. लाभुक को एक बार नाशपाती का पेड़ तैयार हो जाने के बाद प्रतिवर्ष एक एकड़ की भूमि पर लगाये गये पौधों से लगभग ढाई से तीन लाख रूपयों की आय एक सीजन में होगी. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत इस योजना की स्वीकृति मनरेगा आयुक्त द्वारा प्रदान की गई है. अभी गड्ढों की खुदाई होगी, उसके बाद गड्ढे तैयार हो जाने के बाद दिसंबर- जनवरी माह में पौधे लगाने का कार्य किया जायेगा.
यह अन्य सरकारी योजनाओं जैसी योजना नहीं है. यह किसान की अपनी योजना है. इसकी आय से किसी प्रकार की राशि सरकार को नहीं देनी होगी. यह आपकी विशुद्ध कमाई होगी. आपके जीवन स्तर में सुधार आयेगी. आने वाले दिनों में यहां तालाब व चैकडैम की भी योजना दी जायेगी, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा. उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ तभी मिलेगा जब आप जागरूक होंगे. उपायुक्त द्वारा लाभुक शिव खेरवार की जमीन पर नाशपाती बागवानी का शुभारंभ करते हुए गड्ढे की खुदाई की गई.
किसी का भी नाम राशन कार्ड में नहीं छूटे
राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना में से एक राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य सरकार की कोशिश है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का नाम राशन कार्ड से नहीं छूटना चाहिए. आप 30 नवंबर तक ऑनलाईन या ऑफलाईन माध्यम से राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. प्राथमिकता सूची का प्रारूप प्रकाशन 11 से 15 अक्टूबर 2020 तक किया जायेगा. इस सूची में किसी प्रकार की आपत्ति आप 15 से 21 अक्टूबर तक दर्ज करा सकते हैं. आपति का निष्पादन 21 से 31 अक्टूबर तक किया जायेगा. प्राथमिकता सूची का अंतिम प्रकाशन 1 नवंबर से 10 नवंबर तक किया जायेगा.
पेंशन देने का निर्णय
राज्य सरकार ने हाल ही 60 वर्ष से उपर की उम्र के सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को पेंशन देने का निर्णय लिया है. जो गरीब हैं, वे पंचायत सेवक/मुखिया के माध्यम से अपने प्रखण्ड में आवेदन दें.
कोरोना एक जानलेवा बीमारी
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना एक जानलेवा बीमारी है. इसका समय से इलाज जरूरी है. किसी को भी कोरोना के लक्षण दिखाई दें तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें. सामाजिक दूरी का पालन करें. बाहर मास्क जरूर लगाकर निकलें.
विकास कार्यों में सहयोग दें: डीडीसी
उप विकास आयुक्त ने इस मौके पर कहा कि आप सभी विकास कार्यों में सहयोग दें. आपके सहयोग से ही योजनाएं सफलीभूत होंगी. आप योजनाएं लेने के लिए आगे आयें, जिला प्रशासन आपके साथ है.
कार्यक्रम में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी नारायण राम ने कहा कि लोग राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अपना नाम अवश्य जुड़वा लें. इसके लिए फार्म ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीके से भरा जा सकता है. इस मौके पर ग्रामीणों को फार्म का प्रारूप भी उपलब्ध कराया गया.
कार्यक्रम में पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का निराकरण भी किया गया. साथ ही विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे विस्तार से बताया गया. जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा छात्रवृति योजनाओं, चिकित्सा अनुदान आदि योजनाओं की जानकारी दी गई. सिविल सर्जन द्वारा आयुष्मान भारत योजना के बारे बताया गया.
पुंदाग में भी नाशपाती बागवानी का शुभारंभ
पेशरार प्रखंड की हेसाग पंचायत स्थित पुंदाग गांव के राज्यकृत प्राथमिक विद्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के दौरान किसान बलदेव उरांव भी कृषि योग्य भूमि पर नाशपाती की खेती के लिए गड्ढा खोद कर उपायुक्त द्वारा शुभारंभ किया गया.
सेब की तर्ज नाशपाती की होगी खेती
उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 1962 में जब चीन और हमारे देश के बीच युद्ध हुआ था तो प्रभावित राज्यों में से एक हिमाचल प्रदेश के लोगों में भी भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. उस समय भी वहां के प्रशासक ने सेब उगाने का सुझाव दिया. इसके बाद वहां के लोगों ने इसे हाथोंहाथ लिया और वे आर्थिक रूप से समृद्ध बन गये. पेशरार के लोगों को भी हम आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना चाहते हैं. अगर आप नाशपाती की इस योजना को स्वीकार करेंगे तो आप भी संपन्न हो जायेंगे. यह योजना सफल होगी.
बागवानी से जीवन स्तर सुधरेगा
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने कहा कि नाशपाती की योजना आप लोगों की ही योजना है. इसे आप सरकारी योजना ना समझ कर अपनी योजना समझ कर अपनायें. अच्छी तरह इसके लिए गड्ढे तैयार करें, नाशपाती के पौधों की सेवा करें. यह सालाना ढाई से तीन लाख रूपये तक की आय आपको एक एकड़ की भूमि पर दे देगा.
बैंक खाता अवश्य खुलवायें: एलडीएम
अग्रणी बैंक प्रबंधक ने कहा कि अपना बैंक खाता अवश्य खुलवायें. बीमा योजनाओं यथा, सुरक्षा बीमा येाजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजनाओं का लाभ लें. जनधन बैंक खाता धारक की एक्सीडेंटल मृत्यु होने पर पांच लाख रूपये तक का मुआवजा मिलता है.
जनता दरबार में ग्रामीणों द्वारा हुसरू नदी, बड़का नदी और ओनेगड़ा नदी में पुल बनाने की मांग भी रखी गई. कार्यक्रम के अंत मे सभी को पोषण शपथ भी दिलायी गयी.
कार्यक्रम में उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी रमेश चौबे, प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी नारायण राम, उद्यान पदाधिकारी एमलेन पूर्ति, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पलटू महतो, उपायुक्त के विशेष कार्य पदाधिकारी अमित बेसरा, सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अजय वर्मा ,विधायक प्रतिनिधि निशित जायसवाल, जिप सदस्य बिनोद सिंह खेरवार,एल डी एम, डी एस ई व अन्य उपस्थित थे.

