खूंटी: खूंटी समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सूरज कुमार की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में संचालित ज्ञान सेतू कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई. बैठक में उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि स्कूल विजिट में खूंटी जिला ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है. खूंटी जिला राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत विद्यालयों द्वारा आयोजित किए जाने वाले विविध गतिविधियों के मामले में भी राज्य में नंबर-1 स्थान प्राप्त किया है.
उपायुक्त ने संबंधित शिक्षाकर्मियो को टीम भावना के साथ आपस में समन्वय स्थापित कर शिक्षा के तमाम इंडिकेटरों में उत्तरोत्तर विकास हेतु कार्य करने का निर्देश दिया. इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट पोर्टल, टीचर पोर्टल, स्कूल परफार्मेंस पोर्टल, स्कूल ओपन , बीआरपी , सीआरपी पोर्टल सहित अन्य संबंधित पोर्टल में दर्ज सूचकांक का गहन अवलोकन किया. साथ ही संबंधित शिक्षाकर्मियों इंडिकेटरों में उत्तरोत्तर सुधार लाने की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले में शिक्षा के क्षेत्र में इंडिकेटरों के सुधार के लिए कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रखंड रनिया, मुरहू व खूंटी के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की. साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के तीन बीआरपी व सीआरपी चयन प्रत्येक महीने करने का निर्देश दिया और कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चयनित उक्त शिक्षा कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा.
उपायुक्त ने बीआरपी व सीआरपी को नियमित रूप से संबंधित विद्यालयों का भ्रमण कर प्रत्येक दिन का डाटा अपलोड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्कूल विजिटिंग कार्य में अनियमितता व डाटा अपलोड करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि डाटा अपलोड करने में किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है तो विभाग को सूचित करना आवश्यक समझा जाना चाहिए.
मौके पर एडीएफ निखिल ने आकांक्षी जिला के तहत निर्धारित इंडिकेटरों की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि स्कूलों में पेयजल की समुचित व्यवस्था और बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं होने की स्थिति में जिला प्रशासन को अवगत कराएं. जिला प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी उपस्थित थे.

