लखीसराय: लखीसराय किऊल नदी में बरसात का पानी आने से किऊल एवं लखीसराय का संपर्क टूट गया है. पांच दिनों से लगातार रूक रूक हो रही बारिश से नदी में पानी का बहाव बढ़ रहा है. नदी में अस्थाई बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. पुल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है. उसके बावजूद लोग जान जोखिम में डाल कर पुल पार कर रहे हैं.
एक साल पहले ही खगौर के ग्रामीणों के द्वारा आने जाने की सुविधा के लिए अस्थाई तौर पर पुल बनाया गया था. किऊल नदी में बने अस्थाई पुल से होकर रोजाना हजार से ज्यादा लोगों का आना जाना होता है. दो और चार पहिए वाहनों का भी आना जाना होता था. लेकिन पुल के क्षतिग्रस्त होने से चार पहिए वाहनों का परिचालन बंद हो गया है.
दो पहिया वाहन सवार भी जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त पुल के ऊपर से आने-जाने का कार्य कर रहे हैं. फिलहाल अभी स्थानीय लोग द्वारा किऊल एवं लखीसराय आने जाने के लिए पुराने रेलवे पुल का इस्तेमाल किया जा रहा है. कुछ ही दिनों बाद पुराने रेलवे पुल को भी बंद किया जाना है क्योंकि नये रेलवे पुल पर पैदल फुटपाथ बन चुका है. लेकिन नए रेलवे पुल काफुटपाथ इतना सकरा बनाया गया है, कि उस पर लोगों को चलना काफी से मुश्किल हो रहा है.

