दिल्ली: कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज एक गंभीर विषय पर चर्चा करने के लिए आया हूं. आज बंगाल में टीएमसी सरकार का तानाशाही रवैया सामने आया है. बंगाल में लोकतंत्र नहीं है. अबतक 115 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है. लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
बंगाल में बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज हुआ. इसे लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज जो प्रदर्शन हुआ उसमें हमारे 1500 कार्यकर्ता जख्मी हैं. अरविंद मेनन राजू बनर्जी हॉस्पिटल में एडमिट हैं.
उन्होंने कहा कि ममता के प्रदेश में विरोध के लिए कोई जगह नहीं है. बंगाल में बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर जो बर्बर कार्रवाई हुई है, हम उसकी निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि अमित शाह के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति ममता सरकार ने नहीं दी.
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बीजेपी के राज्य में कोई घटना हो तो सब लोकतंत्र बचाने की दुहाई लगाते है, लेकिन बंगाल में जो हुआ वो किसी को दिखाई नहीं देता है. बंगाल की जनता इस सरकार से त्रस्त है बदलाव चाहती है.
बता दें कि बीजेपी यह प्रदर्शन राज्य में लगातार हो रहीं भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ है. इस आंदोलन को ‘नबन्ना चलो’ नाम दिया गया है. पश्चिम बंगाल में भाजपा की गुरुवार को चार प्रमुख रैलियां निकल रही हैं.

